धान खरीदी में अव्यवस्था के खिलाफ डभरा में युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन—CM विष्णुदेव साय का पुतला दहन, पुलिस बल तैनात

स्थान: सक्ती/डभरा
रिपोर्टर: लाला उपाध्याय
छत्तीसगढ़ में इस वर्ष धान खरीदी की जटिल प्रक्रिया, टोकन वितरण की समस्या और देरी को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानियों का मुद्दा अब राजनीतिक रूप से गर्मा गया है। प्रदेश युवा कांग्रेस के आव्हान पर शुक्रवार को पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन तेज हुआ, जिसके तहत डभरा में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
स्थानीय थाना चौक में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप चंद्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए आरोप लगाया कि नई खरीद नीति और व्यवस्थागत खामियों के कारण किसानों को बार-बार अपमानित और परेशान होना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।


युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में टोकन की किल्लत, तकनीकी गड़बड़ियों और बार-बार हो रहे प्रमाणीकरण के कारण किसान लाइन में भटक रहे हैं, जबकि सरकार समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन दे रही है। नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं होता, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन को देखते हुए थाना चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि प्रदर्शन के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में रही।




