बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बिर्रा चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन

गोल्डी श्रीवास
बिर्रा | जिला – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा में जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है।
कांग्रेस के आह्वान पर रविवार शाम बिर्रा चौक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक प्रतिनिधि कमलेश कश्यप ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक प्रदर्शन में शामिल हुए।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है और जनहित की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
सभा को संबोधित करते हुए कमलेश कश्यप ने कहा कि जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
पुतला दहन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ नजर आया।




