कुनकुरी में वर्षों से बंद पड़े मकान में लगी आग, पुलिस–दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

ब्रेकिंग न्यूज — जशपुर
रिपोर्टर: दीपक वर्मा | लोकेशन: कुनकुरी
कुनकुरी में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वर्षों से बंद पड़े एक पुराने मकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। यह घटना करीब दो से ढाई बजे के बीच की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने जब मकान से तेज धुआं और लपटें निकलती देखीं, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
खबर मिलते ही कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव अपनी टीम के साथ दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग काफी तेज थी, लेकिन टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

आग आसपास के घरों तक फैल सकती थी, लेकिन समय रहते रोके जाने से बड़ा नुकसान टल गया। जिस मकान में आग लगी, वह काफी समय से बंद था और वहां कोई निवास नहीं करता था, जिससे आग का वास्तविक कारण पता लगाना फिलहाल मुश्किल है।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मकान के अंदर रखी कुछ पुरानी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।




