रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट में गोलीकांड — ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक की हत्या, आरोपी हिरासत में

लोकेशन – रायगढ़
संवाददाता – दीपक यादव
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से इस समय एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट में आज सुबह लगभग 4 बजे ड्यूटी के दौरान एक प्रधान आरक्षक ने अपने ही साथी प्रधान आरक्षक पर फायरिंग कर दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे पोस्ट में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा के रूप में हुई है। वहीं गोली चलाने वाले आरोपी प्रधान आरक्षक का नाम के.एस. लादेर बताया जा रहा है, जिसे तत्काल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।


फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है। आरपीएफ और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और वे मौके पर पहुंच रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों प्रधान आरक्षक ड्यूटी पर थे, लेकिन फायरिंग की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर जांच शुरू कर चुके हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं आरोपी से पूछताछ कर गोलीकांड के कारणों का पता लगाया जाएगा।
प्रशासन ने घटना को अत्यंत गंभीर माना है और कहा है कि पूरी जांच निष्पक्ष और सख्ती से की जाएगी।



