सक्ती

रात्रि में घर व दुकान में चोरी करने वाले पांच आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे — ₹4.84 लाख का माल बरामद, बिलासपुर स्टेशन से गिरफ्तार

मरकामगोढ़ी चोरी कांड का खुलासा — पांच आरोपी गिरफ्तार, जेवर और नगदी बरामद

सक्ती

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की पुलिस ने रात्रि में घर और दुकान में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा किया है। मरकामगोढ़ी क्षेत्र में एक महिला के घर और दुकान से लाखों रुपए के जेवर, नगदी और सामान चोरी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 84 हजार रुपए का माल, जिसमें सोने-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल शामिल हैं, बरामद किए हैं।

थाना सक्ती से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया सीता देवांगन, निवासी मरकामगोढ़ी ने 5 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 4 नवंबर की शाम अपने घर और दुकान में ताला लगाकर मायके अड़भार चली गई थी। अगले दिन दोपहर जब वह वापस लौटी, तो देखा कि घर और दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर, 1 लाख रुपए नकद, तथा दुकान से सिगरेट, बीड़ी, मिक्चर, बिस्किट और राशन सामग्री सहित करीब ₹2.50 लाख का सामान चोरी हो गया था।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल सिंह ठाकुर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिश यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सक्रिय मुखबिरों की मदद से और साइबर टीम की तकनीकी सहायता से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बिलासपुर रेलवे स्टेशन में देखे गए हैं, जिनके पास चोरी का सामान होने की आशंका है।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टेशन पर दबिश दी और पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने पहले गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि उनमें से एक आरोपी मनोज पटेल का पहले से ही पीड़िता की दुकान से लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में पांचों ने मिलकर चोरी की साजिश रची। 4 नवंबर की रात जब उन्होंने घर में ताला लगा देखा, तो रॉड से ताला तोड़कर अंदर घुसे और दुकान तथा घर से नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। चोरी का पैसा और सामान आपस में बांटकर सभी आरोपी बिलासपुर भाग गए थे और ट्रेन से दूसरे स्थान पर जाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, बीड़ी-सिगरेट व अन्य सामान, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल ₹4,84,000 का माल जब्त किया है।

आरोपियों के खिलाफ थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 408/2025, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:

1.नरेन्द्र पटेल, पिता तिलेश्वर पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मरकामगोढ़ी
2.देवकुमार सिदार, पिता बालाराम सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मरकामगोढ़ी
3.मनोज पटेल, पिता कीर्तन पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कांदानारा
4.दीपक यादव, पिता स्व. मनबोध यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी कसेरपारा सक्ती
5.एक विधि से संघर्षरत बालक

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल और सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में सउनि राजेश यादव, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन, विनोद कंवर, आरक्षक यादराम चंद्रा, चित्रकेतु लहरे, श्याम गबेल, म.आर. रेखा कंवर, तथा सायबर टीम से अलेक्सियुस मिंज, जितेंद्र कंवर, गोपाल साहू, कमलेश लहरे की विशेष भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button