जशपुर

महाशिवरात्रि पर मधेश्वर महादेव धाम में आस्था का सैलाब, मयाली नेचर कैंप बना पर्यटकों का आकर्षण

रिपोर्टर:- दीपक वर्मा
लोकेशन:- कुनकुरी, जिला जशपुर


महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित विश्वविख्यात मधेश्वर महादेव धाम में आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े नजर आए। श्रद्धा, भक्ति और जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।

कुनकुरी विकासखंड में मधेश्वर महादेव के नीचे स्थित प्राकृतिक गुफा में स्थापित शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि, शिव दर्शन के बाद भक्तों के चेहरे पर संतोष और आस्था की चमक साफ दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य व खुशहाली की कामना की।
‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

शिव दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मयाली नेचर कैंप पहुंचे। यहां सरगुजा, बिहार, झारखंड और ओडिशा सहित दूर-दराज से आए पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। नेचर कैंप में मेले जैसा माहौल रहा, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आया।
बता दें कि मयाली नेचर कैंप के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 10 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। इस राशि से मयाली नेचर कैंप को और अधिक विकसित कर एक आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में संवारा जाएगा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button