धमतरी

धमतरी में पहली बार फार्मासिस्टों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला, नियम–कानून और नई दवाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

संवाददाता: ममता पाल | स्थान: धमतरी, छत्तीसगढ़
जिले में फार्मासिस्टों की कार्यकुशलता और व्यावसायिक ज्ञान को मजबूत करने के उद्देश्य से धमतरी में पहली बार एक दिवसीय फार्मासिस्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के तत्वावधान में रविवार को हरदीहा साहू समाज भवन में आयोजित की गई, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में फार्मासिस्टों ने भाग लिया।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष अरुण मिश्रा रहे। इस अवसर पर उन्होंने फार्मासिस्टों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय के साथ फार्मेसी क्षेत्र में नियम, कानून और दवाओं से जुड़ी जानकारी को अपडेट रखना बेहद जरूरी है। ऐसी कार्यशालाएं फार्मासिस्टों को न केवल जागरूक बनाती हैं, बल्कि उनकी जिम्मेदारियों को भी स्पष्ट करती हैं।

कार्यशाला के दौरान फार्मेसी से जुड़े नियमों, कानूनी प्रावधानों, नई दवाइयों, दवा वितरण की सही प्रक्रिया और नैतिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, पुराने अनुभवों वाले फार्मासिस्टों को नई तकनीक और नवाचारों से अवगत कराया गया, वहीं नए फार्मासिस्टों को फार्मेसी के पारंपरिक नियमों और व्यावहारिक अनुभवों की जानकारी दी गई।

धमतरी मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि यह कार्यशाला फार्मासिस्टों के कार्य करने की पद्धति में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी। इससे फार्मेसी से जुड़ी बारीकियों को समझने और मरीजों को बेहतर सेवाएं देने में मदद मिलेगी।

कार्यशाला को लेकर उपस्थित फार्मासिस्टों में उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे अपने पेशे के लिए बेहद उपयोगी बताया।
(संवाददाता: ममता पाल | स्थान: धमतरी, छत्तीसगढ़)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button