छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जंगल से भटककर मड़वा गांव पहुंचा बारहसिंगा, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

रिपोर्टर:ब्यूरो रिपोर्ट / लोकेशन: जांजगीर-चांपा (लछनपुर/मड़वा)

जांजगीर-चांपा जिले के लछनपुर क्षेत्र से एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आई है, जहां जंगल से भटककर एक बारहसिंगा हिरण गांव में पहुंच गया। हिरण को गांव में देख लोगों में उत्सुकता और हलचल बढ़ गई, और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।


जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 10 बजे मड़वा प्लांट से लगे ग्राम लछनपुर के दंतेश्वरी मंदिर के पास अचानक हिरण दिखाई दिया। जैसे ही इसकी खबर गांव में फैली, लोग उसे देखने के लिए पहुंचने लगे। भीड़ बढ़ने से हिरण घबरा गया और इधर-उधर भागने लगा। इसी दौरान वह भटकते हुए मड़वा प्लांट कॉलोनी की ओर पहुंच गया।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक मशक्कत करने के बाद टीम ने प्लांट कॉलोनी से कुछ दूरी पर स्थित भूनंदी नाला के पास हिरण को सुरक्षित पकड़ लिया।


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पकड़ा गया हिरण 12 सिंगा यानी बारहसिंगा प्रजाति का है, जो काफी दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति मानी जाती है। रेस्क्यू के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि हिरण को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।
रेस्क्यू के बाद हिरण को प्राथमिक उपचार के लिए बलौदा स्थित वन नर्सरी भेजा गया है, जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसकी जांच और इलाज किया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार हिरण पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे सुरक्षित वातावरण में छोड़ा जाएगा, जिसके लिए कानन पेंडारी या किसी सुरक्षित जंगल क्षेत्र को विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।


ग्राम लछनपुर के सरपंच गेंदराम कुर्रे और पंच शुभम राजपूत ने बताया कि जैसे ही हिरण दिखने की सूचना मिली, तत्काल वन विभाग को अवगत कराया गया और ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू में पूरा सहयोग दिया।
वन विभाग ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए स्थानीय ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली सूचना और सहयोग के कारण ही हिरण को सुरक्षित बचाया जा सका।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button