बलरामपुर में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा — ट्रक व लोडर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

लोकेशन – बलरामपुर
संवाददाता – संजय गुप्ता
बलरामपुर जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन में वनपरिक्षेत्र बलरामपुर की टीम ने बरदर सर्किल के जरहाडीह बीट में एक महिंद्रा ट्रक (CG 15 DF 1373) को रोककर तलाशी ली। जांच में पाया गया कि ट्रक में सेमल के 13 नग लट्ठे अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे थे।
टीम ने मौके पर ही लकड़ी लोड करने में प्रयुक्त एक लोडर मशीन भी जब्त कर ली। कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 व 52 तथा छत्तीसगढ़ अनिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत की गई है।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया —
अनिल यादव, पिता सुनेश्वर यादव, निवासी बलरामपुर
अफसर अली, पिता सौकत अली, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
वन विभाग अब इस मामले में शामिल अन्य सह-आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटा है।
स्थल पर ही वनपरिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना और उनकी टीम ने जप्ती, पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी की।
वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करी जैसे अपराधों पर विभाग की पैनी नजर है। गुप्त सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई और ट्रक व लोडर सहित तस्करी में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वन विभाग का अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा ताकि जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




