कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर दिल्ली में मंथन, पूर्व सीएम भूपेश बघेल और PCC अध्यक्ष दीपक बैज रहे मौजूद

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान (SSA) को लेकर सोमवार शाम दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में अहम बैठक आयोजित की गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई राज्यों के जनरल सेक्रेटरी, प्रभारी और PCC अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि अब तक 14 राज्यों में 525 जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी हो चुकी है, जबकि 6 अन्य राज्यों में प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा की जा चुकी है। संगठन को मजबूत करने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर SSA ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित करने पर भी विचार किया गया।
AICC ने निर्देश दिए कि 15 दिन के भीतर DCC कमेटियों, 30 दिन में ब्लॉक कमेटियों और 60 दिन के अंदर मंडल, ग्राम पंचायत व बूथ स्तर की समितियों का गठन पूरा किया जाए। साथ ही संगठन में SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वर्गों को समुचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया।
बैठक के बाद दीपक बैज ने कहा कि पार्टी नेतृत्व से मिले निर्देशों को छत्तीसगढ़ में पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा। बैठक में मनरेगा सहित स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई और सरकार को जन सरोकार के विषयों पर घेरने के लिए नई रणनीति बनाने पर सहमति बनी।




