सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 9.54 लाख के जेवर और स्कूटी बरामद

रिपोर्टर: संजना / लोकेशन: जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। जांजगीर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपये की सामग्री बरामद की है।



पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खपर्डे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र में सूने मकानों और नहर किनारे स्थित घरों की रेकी करता था। 26 फरवरी की रात आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे और नहर किनारे एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए दीवार फांदकर घर में घुस गए।



आरोपियों ने रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच घर का ताला और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। इसके बाद सुनसान मैदान में पहुंचकर नगदी राशि आपस में बांट ली और स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।
चोरी के बाद आरोपियों ने चांदी के आभूषण बेचने की कोशिश की, जिसके लिए उन्होंने अपने परिचित की मदद ली और करीब 80 हजार रुपये में जेवर बेच दिए।
पुलिस ने इस मामले में जीत कुमार सूर्यवंशी, गीता प्रसाद साहू और सूरज सोनी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी, 3600 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। इस कार्रवाई में जांजगीर पुलिस और साइबर टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।



