सक्ती में नौकरी के नाम पर दरिंदगी, युवती से सामूहिक दुष्कर्म — 2 युवक और 2 महिला सहयोगी गिरफ्तार

लोकेशन:-सक्ती जिला, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर:-लाला उपाध्याय
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नौकरी और काम का झांसा देकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घिनौने अपराध में दो युवक ही नहीं, बल्कि दो महिलाएं भी शामिल पाई गईं, जो आरोपियों की सहयोगी थीं।
पीड़िता को आरोपियों ने पहले जेवर-कपड़े और काम दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया, जहां मुख्य आरोपी झनकेश्वर चंद्रा और प्रदीप निराला ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। इस पूरी दरिंदगी में लक्ष्मी और धनकुंवर नामक दो महिलाओं ने न सिर्फ अपराध को अंजाम देने में मदद की, बल्कि पीड़िता पर दबाव भी बनाया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर मालखरौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पीड़िता को हर संभव कानूनी व मानसिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




