रायपुर में गैंग का आतंक! युवक को चाकू की नोक पर प्रताड़ित कर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया में वायरल—पुलिस हरकत में

राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बदमाशों के एक ग्रुप ने एक युवक को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके वायरल होते ही शहर में हड़कंप मच गया।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक के चारों ओर कुछ आरोपी खड़े हैं, जिनमें से एक हाथ में चाकू लिए उसे धमका रहा है। बाकी आरोपी मोबाइल कैमरे में इस पूरी घटना को रिकॉर्ड कर रहे हैं। वीडियो में युवक डरा-सहमा नजर आता है और बदमाश उसे लगातार भयभीत करते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया और पुलिस के पास शिकायतों की बाढ़ आ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर पुलिस हरकत में आई और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह पहले भी चोरी, छेड़छाड़ और गुंडागर्दी की घटनाओं में शामिल रहा हो सकता है। क्राइम ब्रांच और सायबर सेल मिलकर आरोपियों के ठिकानों की तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, और वायरल वीडियो को तकनीकी रूप से भी जांचा जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना कब और कहाँ हुई। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।




