कोरबा

पांच माह से ठप पड़ी कोरबा नगर निगम की सामान्य सभा

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू बोले, “महापौर की लापरवाही से थम गए विकास कार्य”

कोरबा

नगर पालिक निगम कोरबा में पिछले पांच महीनों से सामान्य सभा की बैठक नहीं होने से विपक्ष में नाराज़गी गहराती जा रही है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद कृपाराम साहू ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सामान्य सभा बुलाने की मांग की है।

कृपाराम साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, हर दो माह में एक बार सामान्य सभा की बैठक आयोजित किया जाना अनिवार्य है। मगर नगर निगम कोरबा में अंतिम बैठक 2 मई 2025 को हुई थी। इसके बाद से अब तक कोई बैठक नहीं बुलाई गई है, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि सामान्य सभा शहर के विकास कार्यों, बजट समीक्षा, नागरिक समस्याओं, और नीतिगत निर्णयों का सबसे बड़ा मंच होता है। लेकिन पांच महीने से बैठक न होने से न केवल पार्षदों के अधिकारों का हनन हो रहा है, बल्कि इससे शहर के विकास कार्य भी ठप पड़ गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष साहू ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन और महापौर की उदासीनता के कारण जनहित से जुड़े कई प्रस्ताव लटके हुए हैं। उन्होंने कहा —

“सामान्य सभा न होने से शहर के वार्डों में अधूरे विकास कार्यों की समीक्षा नहीं हो पा रही है। नागरिक परेशान हैं, और जनप्रतिनिधियों की आवाज़ को अनसुना किया जा रहा है।”

उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि नगर निगम को नियमानुसार शीघ्र सामान्य सभा की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि शहर के विकास और नागरिक समस्याओं पर पारदर्शी चर्चा हो सके।

बताया जा रहा है कि सामान्य सभा की बैठकें नहीं होने से कई विभागीय योजनाओं की समीक्षा, वित्तीय प्रस्तावों की स्वीकृति और नीतिगत निर्णय लंबित हैं, जिसका सीधा असर शहर के कार्यों पर पड़ रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button