छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर खुशियों की सौगात — पीएम मोदी ने 3.51 लाख हितग्राहियों को दिए नए घरों का तोहफा, जांजगीर-चांपा में 15 हजार परिवारों ने किया गृह प्रवेश

जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती यानी 25वीं वर्षगांठ का जश्न इस बार आम जन के चेहरों पर खुशियां लेकर आया। नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित भव्य राज्योत्सव समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के 3 लाख 51 हजार से अधिक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गृह प्रवेश का तोहफा दिया।


इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया गया। जांजगीर-चांपा जिले में भी इस अवसर पर उत्सव जैसा माहौल रहा। जिले के 15 हजार से अधिक परिवारों ने अपने सपनों के घर में प्रवेश किया।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले की हर ग्राम पंचायत में यह आयोजन परंपरागत तरीके से संपन्न हुआ। हितग्राहियों ने नए घरों में रंगोली सजाकर, दीप जलाकर और पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश किया।
कार्यक्रम में प्रत्येक हितग्राही को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी गई। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में 15 हजार आवासों का निर्माण पूर्ण कर लाभार्थियों को सौंप दिया गया है।

यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ को यादगार बना गया, बल्कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को भी धरातल पर साकार किया। राज्योत्सव के इस अवसर ने वंचित परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का सुखद अवसर प्रदान किया — जिससे यह दिन सचमुच खुशियों का पर्व बन गया।




