गोवा क्लब अग्निकांड: मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स की भारत वापसी शुरू, 42 फर्जी कंपनियों का भी खुलासा

गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों भाइयों को गुरुवार को फुकेट में हिरासत में लिया गया था। अब थाई पुलिस उन्हें बैंकॉक ले जा रही है, जहां भारतीय एजेंसियां उन्हें अपनी कस्टडी में लेंगी।
पासपोर्ट रद्द होने के बाद भारतीय दूतावास उन्हें इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी करेगा। थाईलैंड से गोवा की सीधी उड़ान न होने के कारण दोनों को पहले बैंकॉक से दिल्ली, फिर दिल्ली से गोवा लाया जाएगा। प्रक्रिया में लगभग चार दिन लग सकते हैं।
इस बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है—लूथरा ब्रदर्स 42 संदिग्ध कंपनियों से जुड़े हैं, जिनमें कई फर्जी बताई जा रही हैं। सभी कंपनियां दिल्ली के एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं, जो मनी लॉन्ड्रिंग और बेनामी गतिविधियों की आशंका को मजबूत करता है।
6 दिसंबर को क्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत के बाद दोनों भाई भारत से फरार हो गए थे। उन पर गैर-इरादतन हत्या और गंभीर लापरवाही का केस दर्ज है।




