सोना-चांदी सस्ता: MCX पर कीमतों में गिरावट, जानें आज के ताजा भाव

सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन दोनों कीमती धातुओं के भाव में करीब 1% तक की कमजोरी देखने को मिली।
एमसीएक्स पर 5 मई डिलीवरी वाला सोना 1,258 रुपये (0.86%) गिरकर 1,44,674 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, चांदी की कीमत भी 1,393 रुपये (0.61%) टूटकर 2,26,561 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
कारोबार के दौरान सोना 1,45,932 रुपये पर खुला और 1,44,000 रुपये के निचले स्तर से लेकर 1,46,330 रुपये के उच्च स्तर तक गया। वहीं चांदी 2,28,106 रुपये पर खुलकर 2,25,763 रुपये के लो और 2,28,786 रुपये के हाई के बीच ट्रेड करती रही।
विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स में मजबूती और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1,900 रुपये तक सस्ता होकर 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि चांदी में भी करीब 5% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी।
ऐसे में वैश्विक परिस्थितियों और डॉलर की चाल के बीच सोना-चांदी के दामों में आगे भी उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना बनी हुई है।




