Gold–Silver Price Today: सोना-चांदी ने रचा इतिहास, वायदा बाजार में ऑल टाइम हाई

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना लिया है। शुक्रवार, 26 दिसंबर को लगातार चौथे कारोबारी दिन वायदा कारोबार में दोनों कीमती धातुएं ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गईं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का फरवरी कॉन्ट्रैक्ट तेजी के साथ 1,38,800 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा। दिन के दौरान सोने ने 1,38,991 रुपये का उच्चतम स्तर छूकर नया रिकॉर्ड कायम किया। मजबूत वैश्विक संकेतों और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग से सोने में तेजी बनी हुई है।
वहीं चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। MCX पर चांदी का मार्च कॉन्ट्रैक्ट 2,31,800 रुपये के करीब पहुंच गया, जबकि दिन का उच्चतम स्तर 2,32,741 रुपये रहा। चांदी ने भी अपने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का माहौल रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,561.60 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर तक पहुंच गया, जबकि चांदी के भाव भी रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करते नजर आए।
विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक अनिश्चितता, डॉलर में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ती रुचि के चलते सोने-चांदी की कीमतों में यह ऐतिहासिक तेजी देखने को मिल रही है।




