छत्तीसगढ़

आज से हड़ताल पर सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, तीन दिन तक ठप रहेगा सरकारी कामकाज

छत्तीसगढ़ में आज से सरकारी कामकाज पर बड़ा असर पड़ने वाला है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के करीब 4 लाख 50 हजार अधिकारी और कर्मचारी आज से हड़ताल पर जा रहे हैं। यह हड़ताल 31 दिसंबर 2025 तक चलने वाली है, जिसके चलते सरकारी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहेगा।

फेडरेशन ने महंगाई भत्ता (DA), DA एरियर्स समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर काम बंद-कलम बंद आंदोलन की शुरुआत की है। संगठन के अनुसार सरकार द्वारा लंबे समय से मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, अधिकारी-कर्मचारी 29 और 30 दिसंबर को काली पट्टी बांधकर काम करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 31 दिसंबर को सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दिन सरकारी दफ्तरों में कोई भी काम नहीं होगा, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इस आंदोलन का शिक्षक संगठनों ने भी नैतिक समर्थन किया है। हालांकि शिक्षक संगठनों ने स्पष्ट किया है कि वे आंदोलन में पूरी तरह शामिल नहीं होंगे। बताया गया है कि यदि किसी स्कूल में चार शिक्षक पदस्थ हैं, तो उनमें से दो शिक्षक आंदोलन में शामिल होंगे, जबकि दो शिक्षक स्कूल में मौजूद रहकर बच्चों की पढ़ाई संभालेंगे।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 21 से 27 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया था, जो अब समाप्त हो चुका है। 29 दिसंबर से स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई पर असर न पड़े, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। बावजूद इसके, हड़ताल का असर स्कूलों और अन्य शासकीय कार्यालयों में आंशिक रूप से देखने को मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button