
रिपोर्टर: दीपक वर्मा, जशपुर / लोकेशन: कुनकुरी, जशपुर
कुनकुरी नगर में जल्द ही भक्ति का विशाल दरबार सजने जा रहा है। सलियाटोली मिनी स्टेडियम में 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन होगा, जिसमें स्वामी चिन्मयानंद बापू अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को राम कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं और भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



कुनकुरी के सलियाटोली मिनी स्टेडियम में 2 से 8 अप्रैल 2026 तक सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूज्य स्वामी चिन्मयानंद बापू भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और मर्यादा का संदेश मिलेगा।



आयोजन समिति के अनुसार, कथा के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए कार्यक्रम स्थल को भव्य रूप से सजाया जाएगा और बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
आयोजन की तैयारियों को लेकर सलियाटोली नर्सरी में बैठक आयोजित की गई, वहीं मिनी स्टेडियम में भूमि पूजन का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कौशल्या विष्णु देव साय शामिल हुईं। उनके साथ नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जू देव, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं, ताकि कुनकुरी में आयोजित यह श्रीराम कथा पूरे क्षेत्र में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन सके।




