धमतरी में मितानिनों का भव्य सम्मान समारोह—पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक ओंकार साहू ने किया सम्मानित

धमतरी
स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों के योगदान को सम्मान देने धमतरी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मितानिन दिवस के अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार साहू की पहल पर पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में मितानिन सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सैंकड़ों की संख्या में मितानिन बहनें शामिल हुईं। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, भावनाओं और सम्मान से भरा हुआ था।


इस सम्मान समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मितानिनें ही हैं, जो हर परिस्थितियों में जनता के साथ खड़ी रहती हैं। वहीं विधायक ओंकार साहू ने भी अपने संबोधन में कहा कि मितानिन बहनों ने स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अमूल्य योगदान दिया है, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।



कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने मितानिन बहनों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर मितानिनें बेहद भावुक और गौरवान्वित दिखाई दीं। बड़ी संख्या में पहुंचे मितानिनों के बीच कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और ऊर्जा से भरा रहा।




