सक्ती

डभरा में मितानिन दिवस पर भव्य सम्मान समारोह — आरती, तिलक और पुष्पवर्षा के साथ मितानिनों का सत्कार, विधायक रामकुमार यादव हुए शामिल

रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
लोकेशन – सक्ति जिला
दिनांक – 24/11/2025

सक्ती जिले के अंतर्गत नगर पंचायत डभरा में आज मितानिन दिवस के अवसर पर एक गरिमामय और भावनात्मक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गायत्री मंदिर परिसर में किया गया, जहां नगर की सभी मितानिन बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विधायक प्रतिनिधि सुनील चंद्रा ने किया, जबकि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मितानिन बहनों के पारंपरिक स्वागत से हुई—उनकी आरती उतारी गई, तिलक लगाया गया और पुष्पवर्षा कर उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही सभी बहनों को उपहार भेंट कर समाज सेवा में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया गया।

नेताओं ने की मितानिनों के सेवा-भाव की सराहना

विधायक प्रतिनिधि सुनील चंद्रा ने कहा—

“मितानिन बहनें हर परिस्थिति में हमें स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं। ये न सिर्फ बीमारियों से बचाव का मार्ग दिखाती हैं, बल्कि संकट के समय पर सबसे पहले हमारे घरों तक पहुंचती हैं।”

वहीँ विधायक रामकुमार यादव ने मितानिनों की भूमिका को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बताते हुए कहा—

“गांव में कोई गर्भवती माता दुख तकलीफ में होती है, तो वह सबसे पहले इन मितानिन बहनों को याद करती है। ये बहनें कठिन से कठिन स्थिति में परिवार की तरह साथ खड़ी होकर महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाती हैं और प्रसव करवाने तक अपना कर्तव्य निभाती हैं।”

उन्होंने यह भी संदेश दिया कि—

“हर जनप्रतिनिधि, हर अधिकारी ही नहीं बल्कि आम नागरिकों को भी इन मितानिन बहनों का सम्मान करना चाहिए।”

कार्यक्रम के अंत में मितानिन बहनों ने सुनील चंद्रा और विधायक रामकुमार यादव को उनके प्रोत्साहन और सम्मान के लिए धन्यवाद दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button