हसौद में भव्य सामूहिक विवाह: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 140 जोड़ों को दिया आशीर्वाद, 36-36 हजार के चेक वितरित

सक्ति
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हसौद में आज भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से आए 140 जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री साय ने सामूहिक विवाह में शामिल प्रत्येक जोड़े को 36-36 हजार रुपये के चेक वितरित किए। चेक पाकर नवदम्पतियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा साबित हो रही है, जिससे बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हुआ है।


इस अवसर पर सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सभी जोड़ों को शुभकामनाएँ दीं। जिले के सभी ब्लॉकों से 35-35 जोड़े इस समारोह में शामिल हुए, जिससे कुल 140 विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ संपन्न हुए।


कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन और ग्रामीण उपस्थित रहे। सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्सव माहौल में संपन्न हुआ।




