अकलतरा में रजनी सत्तू साहू का भव्य स्वागत, उपाध्यक्ष बनने पर नगरवासियों ने मनाया जश्न

रिपोर्टर – मयंक
अकलतरा
जांजगीर-चाम्पा।
भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चाम्पा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी सत्तू साहू को बिलासपुर कोऑपरेटिव बैंक का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद प्रथम बार अकलतरा नगर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों द्वारा उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूरे नगर में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।
श्रीमती रजनी सत्तू साहू के अकलतरा पहुंचते ही श्रीराम चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं, समस्त मोहल्लेवासियों एवं श्रीराम सेवा समिति की ओर से फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के बाद श्रीराम चौक में विधिवत हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, तत्पश्चात हनुमान जी की आरती एवं श्रीराम जी की स्तुति की गई। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहा।


नगरवासियों और कार्यकर्ताओं ने श्रीमती साहू को नए दायित्व की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक जमीनी, समर्पित और संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनके उपाध्यक्ष बनने से सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
अपने स्वागत से अभिभूत श्रीमती रजनी सत्तू साहू ने सभी नगरवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन और जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी और सहकारिता बैंक के माध्यम से आमजन, किसानों और महिलाओं के हित में कार्य करेंगी।
नए दायित्व की प्राप्ति पर अकलतरा नगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा और सभी ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संगठन और क्षेत्र के लिए शुभ संकेत बताया।




