रफ्तार का कहर: अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत

लोकेशन – सक्त्ती, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
सक्त्ती जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवा की जान ले ली।
डभरा थाना क्षेत्र के छुहिपाली गांव के पास मिट्टी फिलिंग कार्य में लगे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के देवरी निवासी 27 वर्षीय अनूप दास महंत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनूप सक्त्ती में शिवशक्ति एग्रीटेक ऑफिस की ओपनिंग में अपने ग्रुप के साथ शामिल होने आया था, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। वहीं ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




