जांजगीर-चांपा पुलिस का “हेलमेट जागरूकता अभियान

साप्ताहिक बाजारों में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश
जांजगीर-चांपा
जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में “हेलमेट जन-जागरूकता विशेष अभियान” चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार साप्ताहिक बाजारों, विद्यालयों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों में लोगों को सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन का संदेश दे रही है।
अभियान की मुख्य गतिविधियां
आज दिनांक 07 नवम्बर को SDOP चाम्पा श्री यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम सिलादेही में आयोजित श्याम कार्तिक मेला और साप्ताहिक बाजार में पुलिस टीम ने नागरिकों को हेलमेट पहनने की उपयोगिता बताई।
इसके साथ ही थाना जांजगीर, बलौदा, सारागांव, नवागढ़, बम्हनीडीह, पामगढ़, बिर्रा एवं चौकी पंतोरा क्षेत्र के साप्ताहिक बाजारों में भी समान रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का आधार है। उन्होंने मोटरसाइकिल चालकों को बिना हेलमेट सवारी न करने, तीन सवारी से बचने, तेज गति और शराब सेवन कर वाहन न चलाने की सलाह दी।
अभियान का उद्देश्य
इस जागरूकता अभियान का प्रमुख उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना और जनता में जिम्मेदार ड्राइविंग की भावना को मजबूत करना है।
यातायात विभाग का मानना है कि यदि हर व्यक्ति नियमों का पालन करे, तो सड़क हादसे 50% तक घट सकते हैं।
मुख्य लक्ष्य
दुर्घटनाओं में कमी: लापरवाह ड्राइविंग और नियमों की अनदेखी से होने वाली मौतों को रोकना।
सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा: हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और नशा मुक्त ड्राइविंग को बढ़ावा देना।
नियमों का ज्ञान: नागरिकों को ट्रैफिक संकेतों और सड़क पर दूसरों के अधिकारों के बारे में जागरूक करना।

जांजगीर पुलिस की अपील
पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि—
बिना हेलमेट वाहन न चलाएं
तीन सवारी से बचें
शराब पीकर गाड़ी न चलाएं
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें
गति सीमा का पालन करें
मालवाहक वाहन में सवारी न बैठाएं
संदेश
“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित यात्रा करें, जिम्मेदार नागरिक बनें!”
— जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग




