रायपुर में हाईटेक ड्रग्स गिरोह का पर्दाफाश, ‘डेड ड्रॉप’ तरीके से सप्लाई; 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक हाईटेक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5.58 ग्राम MDMA बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल मंगतानी, सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का संचालन दिल्ली में बैठे तस्कर कर रहे थे, जो फोन के जरिए ऑर्डर लेते थे और रायपुर में अपने गुर्गों के माध्यम से सप्लाई करवाते थे।

आरोपी मोबाइल टैक्सी और रैपिडो राइडर के रूप में काम करते थे और इसी आड़ में शहर के अलग-अलग इलाकों में ड्रग्स पहुंचाते थे। गिरोह की सबसे खास बात इसका ‘डेड ड्रॉप’ डिलीवरी पैटर्न था, जिसमें आरोपी किसी सुनसान या सार्वजनिक स्थान पर ड्रग्स छुपाकर उसकी लोकेशन ग्राहक को भेज देते थे, जिससे आमने-सामने संपर्क की जरूरत नहीं पड़ती थी।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई और गोवा जैसे राज्यों से ड्रग्स मंगवाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। हर डिलीवरी के बदले स्थानीय गुर्गों को 1000 से 1500 रुपये तक दिए जाते थे।
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। वहीं, क्राइम और साइबर सेल की टीम ने दिल्ली में भी कार्रवाई कर कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिन्हें रायपुर लाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।




