तेज रफ्तार का कहर: उरगा–हाटी मार्ग पर कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा

लोकेशन – कोरबा (छत्तीसगढ़)
रिपोर्टर – सरोज रात्रे
कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां उरगा–हाटी मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनविर्रा और सदुकला गांव के बीच कोयले से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
बताया जा रहा है कि यह ट्रेलर गेवरा खदान से कोयला लोड कर रायगढ़ की ओर जा रहा था। हादसे के समय वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रेलर पलट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे के बाद सड़क पर कोयला बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया।
फिलहाल पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।




