राष्ट्रीय

बांग्लादेश में हिंदू कारोबारी को पेट्रोल डालकर जलाया, हालत नाजुक; 15 दिन में दूसरी भयावह घटना

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शरियतपुर जिले में एक हिंदू कारोबारी पर धारदार हथियारों से हमला कर उसके सिर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास के रूप में हुई है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें ढाका रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, खोकन दास दामुद्या इलाके के केउरभांगा बाजार से दुकान बंद कर ऑटो से घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने रास्ते में ऑटो रोककर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उन्हें बुरी तरह पीटा, फिर धारदार हथियार से वार किया और बाद में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जान बचाने के लिए खोकन दास सड़क किनारे तालाब में कूद गए, जिससे उनकी जान बच सकी। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, खोकन दास के पेट में गंभीर घाव है, जबकि चेहरे, सिर और हाथों पर जलने के गहरे निशान हैं। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित की पत्नी सीमा दास ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके पति को क्यों निशाना बनाया गया, हालांकि उनका दावा है कि उनके पति दो हमलावरों को पहचानते थे, इसी वजह से उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने रब्बी और सोहाग नाम के दो आरोपियों की पहचान की है और उनकी तलाश जारी है। दामुद्या थाने के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद रबिउल हक ने बताया कि अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है।
गौरतलब है कि यह 15 दिनों में हिंदू को जलाने की दूसरी घटना है। इससे पहले 18 दिसंबर को मैमनसिंह जिले में दीपू चंद्र दास नामक हिंदू युवक को कथित ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला गया था और उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी गई थी। जांच में उस मामले में भी ईशनिंदा के आरोपों के कोई सबूत नहीं मिले थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button