थाने में रचा इतिहास! जाति की दीवारें टूटीं, शिव मंदिर बना साक्षी — जशपुर में चार प्रेमी युगलों ने थाना परिसर में रचाई शादी

दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – जशपुर
20/01/2026
थाने में रचा इतिहास! जाति की दीवारें टूटीं, शिव मंदिर बना साक्षी — जशपुर में चार प्रेमी युगलों ने थाना परिसर में रचाई शादी
एंकर: जशपुर जिले से बड़ी खबर है, पत्थलगांव थाना परिसर में सोमवार की देर शाम करीब 8 बजे एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने हर मौजूद शख्स की आंखें नम कर दीं। थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में चार प्रेमी युगलों ने भगवान भोलेनाथ को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और अपने रिश्ते को हमेशा के लिए नाम दे दिया।
हैरान करने वाली बात यह है कि अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखने वाले इन प्रेमी युगलों को परिजनों और समाज के विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन प्यार और विश्वास के आगे सभी बाधाएं छोटी पड़ गईं।



जानकारी के मुताबिक, एक प्रेमी युगल को तो शादी से पहले परिजनों के विरोध और झूमा-झटकी तक का सामना करना पड़ा, बावजूद इसके उन्होंने साथ निभाने का अटूट फैसला किया।
वहीं, दूसरे प्रेमी युगल ने बताया कि वे करीब एक साल से प्रेम संबंध में थे। दोनों बालिग होने के चलते उन्होंने थाना पत्थलगांव में आवेदन देकर सुरक्षा और विवाह की अनुमति मांगी थी, जिसके बाद यह विवाह संपन्न हुआ।
इस अनोखी शादी के दौरान पुलिसकर्मी भी गवाह बने और थाना परिसर में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
अमाकानी निवासी पल्लवी मरकाम ने गोढ़ीकला निवासी निर्मल लहरे के साथ भगवान शिव के समक्ष विवाह किया,
जबकि प्रेमनगर निवासी रानुराधा नामदेव ने रामकुमार विश्वकर्मा के साथ जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं।
थाने में हुई इस अनोखी शादी ने समाज को यह स्पष्ट संदेश दिया कि सच्चा प्यार और आपसी विश्वास के आगे जाति और सामाजिक बंधन कमजोर पड़ जाते हैं।




