
रिपोर्टर-ब्यूरो रिपोर्ट/लोकेशन-बिलासपुर
बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित ‘प्री-होली सेलिब्रेशन’ उस समय तनाव और हिंसा में बदल गया, जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। जानकारी के मुताबिक यह कार्यक्रम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर शुरू हुई मामूली बहस देखते ही देखते उग्र हो गई और छात्रों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना विश्वविद्यालय परिसर के भीतर हुई, जहां छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हालात इतने बिगड़ गए थे कि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य छात्र और सुरक्षाकर्मी भी कुछ समय तक स्थिति को संभाल नहीं पाए। घटना के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं छात्रों और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर झगड़े में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





