नांदेड़ में ऑनर किलिंग का खौफनाक मामला: प्रेमी की गोली मारकर हत्या, प्रेमिका ने शव के पास भर लिया सिंदूर—माता-पिता को फांसी की मांग

महाराष्ट्र के नांदेड़ में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ प्रेम संबंध का विरोध इतना चरम पर पहुंच गया कि लड़की के परिवारवालों ने उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद प्रेमिका ने सबके सामने शव के पास जाकर अपनी मांग में सिंदूर भर दिया और अपने ही माता-पिता के लिए फांसी की सजा की मांग कर डाली। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला रही है।
कैसे हुआ हत्याकांड?
नांदेड़ के जूना गंज क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब साढ़े पाँच बजे 22 वर्षीय सक्षम ताटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सक्षम इलाके में घूम रहा था, तभी लड़की के पिता गजानन मामिलवार, दो बेटों और एक दोस्त ने मिलकर उस पर हमला किया। पहले युवक को गोली मारी गई, फिर सिर पर भारी पत्थर पटककर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपियों—दोनों का क्रिमिनल बैकग्राउंड रहा है।
प्यार के खिलाफ था परिवार
सक्षम और आंचल पिछले तीन साल से एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन लड़की का परिवार इस रिश्ते को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करना चाहता था। युवक के जेल से रिहा होने के बाद परिवार वालों ने उसकी हत्या की योजना बनाई थी। घटना के तुरंत बाद आंचल मौके पर पहुँची और सक्षम के शव के पास बैठकर अपनी मांग में सिंदूर भर लिया।
प्रेमिका का बयान: “मेरे माता-पिता को मौत की सजा दो”
आंचल ने पुलिस के सामने भावुक होकर कहा:
“मेरे पिता और भाइयों को फांसी की सजा दी जाए। वे लंबे समय से सक्षम को धमका रहे थे। अलग जाति की वजह से उन्होंने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मैं उसके घर में ही रहूँगी, क्योंकि हम एक-दूसरे से सच्चा प्यार करते थे।”
आंचल की इस मांग ने पूरे शहर में स्तब्ध कर दिया है।
12 घंटे में सभी 8 आरोपी गिरफ्तार
सक्षम की मां की शिकायत पर इतवारा पुलिस ने लड़की के माता-पिता, भाइयों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ हत्या और अत्याचार की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को बारह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
इलाके में तनाव, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद जूना गंज और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस हत्या के पीछे परिवार की भूमिका, पुरानी रंजिश और क्रिमिनल रिकॉर्ड से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।




