कोरबा में खौफनाक डकैती — हथियारबंद गिरोह ने आधी रात घर में घुसकर 11 लोगों को बंधक बनाया

कोरबा, छत्तीसगढ़
कोरबा जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक परिवार के 11 सदस्यों को रात के समय बंधक बनाकर लाखों की डकैती को अंजाम दिया गया।
घटना बालको थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बीती रात करीब 1 से 1.5 बजे के बीच लगभग दो दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में धावा बोला।


सूत्रों के मुताबिक, डकैतों के पास तलवार, चाकू, बंदूक और अन्य हथियार थे। बदमाशों ने सबसे पहले घर के सभी सदस्यों को रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए, मुंह पर कपड़ा बांधकर उन्हें एक कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद उन्होंने घर के हर कमरे की तलाशी लेकर करीब 1.5 लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
परिजनों ने बताया कि बदमाशों ने घर में प्रवेश करते समय चेहरों पर नकाब और रबर ग्लव्स पहन रखे थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पूरी वारदात करीब 45 मिनट तक चली।
घटना के बाद परिवार ने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही क्राइम यूनिट, सीएसपी और बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं।
पुलिस को शक है कि इस वारदात में किसी स्थानीय गिरोह या पुराने जानकारों की संलिप्तता हो सकती है, क्योंकि बदमाशों को घर की पूरी बनावट और पैसे-जेवरात की जानकारी थी।
फिलहाल सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
यह वारदात कोरबा जिले में बढ़ते आपराधिक साहस को दर्शाती है। हथियारों से लैस इतने बड़े गिरोह का खुलेआम घर में घुस जाना, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस पर दबाव बढ़ गया है कि वह जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे।




