बसंतपुर चौक पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से महिला की मौत, युवक गंभीर घायल

रिपोर्टर: अमन कुमार सोनी
लोकेशन: बसंतपुर चौक, सक्ती
सक्ती जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बसंतपुर चौक के पास आज सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बिर्रा की ओर से आ रहा ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 11 BD 0264 तेज गति में था। इसी दौरान किकिरदा की ओर से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AP 3426 को ट्रेलर चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बाइक चालक का पैर बुरी तरह टूट गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृत महिला और घायल युवक दोनों खोखरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और ट्रेलर वाहन को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है। मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।




