टुण्डरी पुल के पास भीषण सड़क हादसा: पिकअप-हाइवा की टक्कर में दो की मौत, दो महिलाएं गंभीर

लोकेशन – सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टुण्डरी पुल के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छोटा हाथी (पिकअप) वाहन और हाइवा ट्रक में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दिनेश साहू, निवासी पवनी और दिनेश टेंट हाउस के संचालक, तथा उनकी महिला कर्मचारी रुक्मणी केवट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे कि तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा से पिकअप की भीषण टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिव कुमार धारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है और दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।
गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




