पोस्ट ऑफिस निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, चांपा में सैकड़ों लोग बने शिकार — आरोपी युवक फरार

चांपा नगर और आसपास के इलाकों में पोस्ट ऑफिस में निवेश कराने के नाम पर सैकड़ों लोगों से ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। भोजपुर, चांपा निवासी दीपक देवांगन पर आरोप है कि उसने पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में पैसा जमा कराने का झांसा देकर महिलाओं, छोटे व्यापारियों, मजदूरों और लेबर वर्ग के लोगों से लाखों रुपये वसूले और अब फरार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी पिछले 3 से 5 वर्षों से रोजाना दुकानों, ठेलों-गुमटियों और घर-घर जाकर लोगों से नियमित बचत के नाम पर पैसे कलेक्ट करता था। लोगों को भरोसा दिलाया जाता था कि उनकी रकम पोस्ट ऑफिस की सुरक्षित योजनाओं में जमा की जा रही है और तय समय पर उन्हें एकमुश्त बड़ी राशि मिलेगी।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने अधिकांश खाताधारकों को पासबुक तक नहीं सौंपी और सभी पासबुक अपने पास ही रखीं। आरोपी के घर से करीब 500 से अधिक पासबुक मिलने की जानकारी सामने आई है। इन पासबुकों की जांच में खुलासा हुआ है कि कई खातों में सिर्फ खाता खोलने के समय या एक-दो महीने तक ही राशि जमा दिखाई दे रही है, जबकि इसके बाद ली गई रकम पोस्ट ऑफिस में कभी जमा ही नहीं की गई।
मामले के उजागर होते ही आरोपी के घर और चांपा पोस्ट ऑफिस परिसर में सैकड़ों की संख्या में पीड़ित जमा हो गए। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अपनी शिकायत लेकर चांपा थाना भी पहुंचे। ठगी का शिकार हुए लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है। खासकर गरीब और मजदूर वर्ग के लोग, जिन्होंने रोज-रोज की बचत भविष्य के लिए जमा की थी, खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।




