ग्राम पंचायत टेढ़ीभदरा के सैकड़ों ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे, जगदीश पर जमीन हड़पने और धान पंजीयन कराने का आरोप — कलेक्टर से की शिकायत

सारंगढ़–बिलाईगढ़ | 20 नवंबर 2025
रिपोर्टर: लाला उपाध्याय
ग्राम पंचायत टेढ़ीभदरा के सैकड़ों ग्रामीण आज जिला मुख्यालय सारंगढ़ पहुंचकर जगदीश नामक व्यक्ति के खिलाफ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जमीन पर उनके पूर्वज पिछले 70–80 वर्षों से बसे हुए हैं, उसी भूमि को जगदीश ने अपना बताते हुए धान पंजीयन करा लिया है और निरंतर धान की बिक्री भी कर रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि आरोपित जमीन पर उनके मकान, बाड़ी और कृषि कार्य वर्षों से संचालित हैं। ऐसे में जगदीश द्वारा धान पंजीयन कराने से वे गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन काल में यह जमीन सीलिंग एक्ट के दायरे में आती थी, जिसे कथित रूप से चंदादेवी ने अधिकारियों से मिलीभगत कर अपने नाम करवा लिया था। अब उसी जमीन को चंदादेवी का पुत्र जगदीश खुद का बताते हुए धान पंजीयन करवा चुका है और धान बेच रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि—
जगदीश द्वारा कराए गए धान पंजीयन को तत्काल रद्द किया जाए।
उसे धान बेचने से रोका जाए।
जमीन को लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
सैकड़ों ग्रामीणों की इस सामूहिक शिकायत के बाद अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वे इस पूरे मामले में क्या कदम उठाते हैं।



