
रिपोर्टर-सुरेन्द्र साहू/लोकेशन-सूरजपुर
सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी की हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसका अपना पति ही निकला। उमेश्वरपुर पुलिस ने 26 दिनों बाद इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पूरे मामले का खुलासा किया है।


दरअसल, तारकेश्वरपुर गांव में रहने वाली महिला लीलावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद पति अलमा प्रजापति ने पुलिस में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उसने दावा किया था कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था और उसे पत्नी की मौत की जानकारी बाद में मिली।
शुरुआत में मामला सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन पुलिस को कई बिंदुओं पर संदेह हुआ। इसके बाद मामले की गंभीरता से जांच की गई और तकनीकी साक्ष्य के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पति के बयान में लगातार विरोधाभास सामने आए, जिससे पुलिस का शक गहराता गया।
जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी लीलावती उसे लेकर अक्सर चरित्र शंका करती थी, जिस वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से लीलावती की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पूरी साजिश रची और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बनाई। लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार जांच के चलते आखिरकार सच सामने आ गया।
फिलहाल उमेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




