7 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा उग्र आंदोलन — मैनपाट में जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर का चेतावनी भरा बयान वायरल

स्थान – मैनपाट, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़)
दिनांक – 22/12/2025
रिपोर्टर – श्याम चौहान
सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मैनपाट के तराई क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, बीते रविवार को जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर की अगुवाई में चलता चौक–कापु मार्ग में सड़क सहित विभिन्न स्थानीय मांगों को लेकर चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर तहसीलदार और एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, जहां अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इसी बीच अब सामने आए एक वीडियो में जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर प्रशासन को खुली चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे कहते सुने जा सकते हैं कि यदि 7 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।
यह बयान सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है, वहीं सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब देखने वाली बात होगी कि तय समयसीमा के भीतर प्रशासन मांगों को लेकर क्या कदम उठाता है या मैनपाट में एक बार फिर बड़ा आंदोलन देखने को मिलेगा।




