एसआईआर को लेकर कुनकुरी में बीजेपी बीएलए की अहम बैठक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश

रिपोर्टर: दीपक वर्मा
लोकेशन: कुनकुरी
जिला: जशपुर
दिनांक: 19 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एसआईआर यानी मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर आयोजित भारतीय जनता पार्टी के बीएलए की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। बैठक का उद्देश्य आगामी चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और मजबूत बनाना रहा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की विस्तार से समीक्षा की और पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं को जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और पात्र मतदाताओं का नाम सुनिश्चित रूप से सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आगामी 30 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जशपुर आगमन की जानकारी भी साझा की और इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बीएलए सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




