हैदराबाद में शक की सनक: पति ने पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, बच्ची को भी आग में धकेला

हैदराबाद के नल्लाकुंटा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संदेह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आई बेटी को भी आग की लपटों में धकेल दिया। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वेंकटेश ने घर के अंदर अपनी पत्नी त्रिवेनी के साथ मारपीट की और फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के कारण त्रिवेनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उनकी बेटी ने मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे भी आग में धकेल दिया। बच्ची को मामूली चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में सामने आया है कि वेंकटेश और त्रिवेनी की लव मैरिज हुई थी, लेकिन कुछ समय से आरोपी पत्नी पर शक करता था और उसे प्रताड़ित करता था। प्रताड़ना से तंग आकर त्रिवेनी हाल ही में मायके चली गई थी। लौटने के बाद ही यह वारदात हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना ने घरेलू हिंसा और संदेह के आधार पर होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




