कांकेर

पखांजूर में दिनदहाड़े हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी, निजी राजस्व भूमि से सागौन समेत 8 इमरती पेड़ कटे

पखांजूर

नगर पंचायत पखांजूर के वार्ड क्रमांक 04 में बिना किसी वैधानिक अनुमति के इमरती पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार निजी राजस्व भूमि पर सागौन सहित कुल 8 इमरती पेड़ों को दिनदहाड़े काट दिया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

स्थानीय नागरिकों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटे हुए पेड़ों का निरीक्षण कर जांच की। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पेड़ कटाई के लिए न तो वन विभाग से अनुमति ली गई थी और न ही संबंधित राजस्व प्रक्रिया का पालन किया गया।

वन विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) पखांजूर को सौंप दी गई है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई SDM स्तर से की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक दोषियों पर वन अधिनियम एवं राजस्व नियमों के तहत जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई संभव है।

दिनदहाड़े नगर क्षेत्र में इस तरह से पेड़ों की कटाई ने प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने अवैध वृक्ष कटाई पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, वहीं वन विभाग ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button