
रिपोर्टर : मयंक / लोकेशन : बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर में आज विकास और गौरव से जुड़ा एक ऐतिहासिक दिन देखने को मिला। अरपा नदी के तट पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘अटल परिसर’ का शुभारंभ भी किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि देश के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे। उनकी प्रतिमा का अनावरण पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बनाए जा रहे अटल परिसर आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और व्यक्तित्व से जोड़ने का काम करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 26.93 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और बिलासपुर को भी विकास की नई सौगात दी जा रही है।


वहीं, बिलासपुर को हवाई सेवाओं के क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रिकालीन उड़ान सेवा की शुरुआत की। इस ऐतिहासिक अवसर पर वे स्वयं पहली फ्लाइट से रायपुर के लिए रवाना हुए।


गौरतलब है कि लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट को 3C VFR से 3C IFR श्रेणी में अपग्रेड किया गया है। इस उन्नयन के बाद अब यहां नाइट लैंडिंग और रात्रिकालीन उड़ानों की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस नई सुविधा से बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों को भी अधिक उड़ान विकल्प मिलेंगे और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक होगी।
कुल मिलाकर, अटल जी की प्रतिमा के अनावरण और नाइट फ्लाइट सेवा की शुरुआत ने बिलासपुर को विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ने का मजबूत आधार दे दिया है।




