वेनेजुएला का तेल भारत को मिल सकता है, अमेरिका दे सकता है मंजूरी; रिलायंस भी रेस में

अमेरिका भारत को वेनेजुएला से तेल खरीदने की अनुमति दे सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रम्प प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच रुका तेल व्यापार शर्तों और निगरानी के साथ दोबारा शुरू हो सकता है।
रॉयटर्स के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज भी वेनेजुएला से तेल खरीदने की अनुमति पाने की कोशिश में है। अगर मंजूरी मिलती है तो भारत को कच्चे तेल के आयात में राहत मिल सकती है।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में एक्सॉन मोबिल, शेवरॉन और कोनोकोफिलिप्स जैसी दुनिया की बड़ी ऑयल कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में वेनेजुएला के तेल क्षेत्र में करीब 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर चर्चा हुई।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका तय करेगा कि कौन-सी कंपनियां वेनेजुएला में निवेश करेंगी, और तेल से होने वाला मुनाफा वेनेजुएला, अमेरिका और कंपनियों के बीच बांटा जाएगा। हालांकि, एक्सॉन मोबिल ने फिलहाल वेनेजुएला को निवेश के लिए जोखिम भरा बताया है।




