सूरजपुर

भारतीय सेना भर्ती 2026: 13 फरवरी से 1 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन, अग्निवीर सहित कई पदों पर मौका

संवाददाता: सुरेन्द्र साहू | सूरजपुर
भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू होकर 01 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर), ट्रेडमैन (10वीं एवं 8वीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) के साथ-साथ स्थायी कैडर नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा जैसे पद शामिल हैं।
सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने यह भी जानकारी दी है कि ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का आयोजन 01 जून से 10 जून 2026 के बीच होने की संभावना है। परीक्षा से संबंधित विस्तृत सूचना समय पर आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जाएगी।
किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए टेलीफोन नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 जारी किए गए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित होती है। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के दलालों, फर्जी एजेंटों और झूठे प्रलोभनों से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है।
देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती सुनहरा अवसर मानी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button