
रिपोर्टर – दीपक यादव
एमएसएमई इकाइयों को वित्तीय सहयोग और बैंकिंग सुविधाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सक्ती में आरएएमपी योजना के अंतर्गत “उद्योग–बैंकर्स मीट” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सक्ती द्वारा गिरिराज रेन बसेरा, स्टेशन रोड सक्ती में आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में जिले के उद्योगपतियों और उद्यमियों की उपस्थिति में विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने उद्योगों के लिए संचालित योजनाओं तथा ऋण सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सक्ती ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर नए उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक (एनआरएलएम) ने स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित किया। वहीं विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रतिनिधियों ने ऋण प्रकरणों के लिए आवश्यक दस्तावेज, बैंकिंग प्रक्रिया और वित्तीय प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देकर उद्यमियों को बैंकिंग नियमों से अवगत कराया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सक्ती, जिला मिशन प्रबंधक (एनआरएलएम) जिला पंचायत सक्ती, बीपीएम (एनआरएलएम) जनपद पंचायत सक्ती, अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि, भारतीय स्टेट बैंक सक्ती, पंजाब नेशनल बैंक सक्ती, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बाराद्वार के शाखा प्रबंधक, पीएमएफएमई योजना के जिला रिसोर्स पर्सन सहित संबंधित अधिकारी तथा जिले के विभिन्न उद्योगपति और उद्यमी उपस्थित रहे।






