शिवरीनारायण नगर पंचायत की अमानवीय लापरवाही: बिना सुरक्षा कवच मौत के मुहाने पर सफाईकर्मी

शिवरीनारायण | रिपोर्टर: जय ठाकुर
शिवरीनारायण नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के नाम पर मानव जीवन के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। नगर की लगभग हर गली-मोहल्ले में तैनात ठेका एवं नियमित सफाईकर्मी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के गंदगी, कचरा और नालियों की सफाई करने को मजबूर हैं।
हैरानी की बात यह है कि शासन द्वारा सफाईकर्मियों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, इसके बावजूद नगर पंचायत प्रबंधन पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। न तो सफाईकर्मियों को हाथों की सुरक्षा के लिए दस्ताने दिए गए हैं, न पैरों के लिए जूते और न ही चेहरे की सुरक्षा के लिए मास्क उपलब्ध कराए गए हैं।


बिना सुरक्षा उपकरण के काम करने से सफाईकर्मियों को संक्रमण, त्वचा रोग, सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियों और जानलेवा जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी कागजों में व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करते नजर आ रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत की यह घोर लापरवाही किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रही है। वहीं सफाईकर्मियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार मौखिक रूप से सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूरी में उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ रहा है।
यह स्थिति न सिर्फ प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है, बल्कि सफाईकर्मियों के मानव अधिकारों का खुला उल्लंघन भी है। सवाल यह है कि
क्या किसी सफाईकर्मी की जान जाने के बाद ही प्रशासन जागेगा?
क्या शासन के निर्देश केवल फाइलों तक ही सीमित रह गए हैं?
नगर पंचायत कब अपनी जिम्मेदारी निभाएगी?
अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी अन्य फाइलों की तरह अनदेखी की भेंट चढ़ जाएगा।




