सक्ती जिले के कई ग्रामों में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण — राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने सामुदायिक शौचालयों और कचरा प्रबंधन की समीक्षा की

दीपक यादव — सक्ती
सक्ति
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने आज सक्ती जिले के जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत आने वाले कई ग्राम पंचायतों—पेंड्री, बरेकेलकला, डोटमा, देवरीमठ और झरप—का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक शौचालयों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, और कचरा निस्तारण से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायज़ा लिया। उन्होंने गांवों में घर-घर कचरा संग्रहण में लगे स्वच्छाग्राही समूहों से बातचीत की और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।


श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण (Segregation) पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता तभी संभव है जब कचरा सही तरीके से अलग किया जाए और समय पर निस्तारित हो। उन्होंने स्वच्छाग्रहियों को समझाया कि कचरा संग्रहण प्रक्रिया को वैज्ञानिक तरीके से लागू किया जाए ताकि गांवों में स्वच्छता का स्तर और बेहतर हो सके।
इसके अलावा, राज्य सलाहकार ने गाँवों में चल रहे अन्य स्वच्छता अभियानों—जैसे नाली निर्माण, सोख्ता गड्ढे, ठोस अपशिष्ट केंद्र, जल निकासी व्यवस्था और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों—की भी समीक्षा की। उन्होंने पंचायत और स्वच्छता टीमों को निर्देश दिए कि जनभागीदारी को बढ़ाते हुए मिशन के लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच–सचिव, स्वच्छाग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।




