सक्ती

अंतरराज्यीय नकली नोट गैंग का भंडाफोड़ — सक्ती–तेलंगाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन मास्टरमाइंड समेत स्थानीय आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: दीपक यादव | लोकेशन: सक्ती | दिनांक: 23/11/2025

सक्ती

ज़िले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नकली नोटों के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सक्ती पुलिस और तेलंगाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन बड़े मास्टरमाइंड सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्ज़े से 1 लाख 70 हज़ार रुपये के उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोट बरामद किए गए हैं।

कैसे खुली नकली नोट गैंग की परतें

यह केस तब पकड़ में आया जब तेलंगाना के कामारेड्डी ज़िले में आरोपी सिद्धा गौड़ नकली नोट खपाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि कोलकाता के सौरव डे, नारायण भगत और बिहार के रसीद अहमद कंप्यूटर, कलर प्रिंटर और जे.के. बॉन्ड पेपर का इस्तेमाल कर नकली नोट तैयार कर रहे थे और सोशल मीडिया—खासकर फेसबुक—के जरिए देशभर में खरीदारों का नेटवर्क विकसित कर रहे थे।

ये आरोपी मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ तक नकली नोट सप्लाई कर रहे थे।

सक्ती जिले तक पहुंची जांच, स्थानीय नेटवर्क उजागर

पूछताछ में जब पता चला कि छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में भी नकली नोट भेजे गए हैं, तब सक्ती एसपी श्री प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने डभरा क्षेत्र के दो युवकों—नंदलाल जांगड़े और छतराम आदित्य को हिरासत में लिया। इन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने बिहार के रसीद अहमद से 40 हजार रुपये में दो लाख नकली नोट खरीदे, जिन्हें आगे खपाने के लिए मनहरण उर्फ सोहन लहरे को सौंप दिया था।

रायगढ़ में रात में छापा, नकली नोट बरामद

जानकारी के आधार पर पुलिस ने रायगढ़ में देर रात छापामार कार्रवाई की और मुख्य आरोपी मनहरण उर्फ सोहन लहरे को गिरफ्तार कर लिया।

उसके घर से 1 लाख 70 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए।

आरोपी ने खुलासा किया कि 30 हजार रुपये के नकली नोट पहले ही विभिन्न स्थानों पर खपा दिए गए थे।

बड़ी सफलता, आगे की जांच तेलंगाना को सुपुर्द

पूरी संयुक्त कार्रवाई के बाद मामला आगे की कार्रवाई हेतु तेलंगाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

इस ऑपरेशन में थाना डबरा और चौकी छपोरा पुलिस की भूमिका बेहद अहम रही।

नकली नोट जैसा गंभीर और संगठित अपराध पकड़ में आना पुलिस की एक बड़ी और अहम सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब नेटवर्क में शामिल और लोगों की भी तलाश कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button