राजनीति

बालोद के दुधली गांव में विवादों के बीच शुरू हुई जंबूरी, अध्यक्ष पद को लेकर टकराव तेज

बालोद जिले के दुधली गांव में विवादों के बीच राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी की शुरुआत हो गई है। 13 जनवरी तक चलने वाले इस आयोजन का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया। जंबूरी के साथ ही भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद भी सुर्खियों में है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्काउट्स एंड गाइड्स के पदेन प्रदेश अध्यक्ष स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव हैं, न कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में परंपरागत रूप से शिक्षा मंत्री ही इस पद पर रहते हैं और बृजमोहन अग्रवाल भी मंत्री रहते हुए पदेन अध्यक्ष थे।
वहीं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ ने दावा किया है कि 8 अक्टूबर 2024 को राज्य परिषद की बैठक में उपनियम संशोधन कर 2029 तक बृजमोहन अग्रवाल को राज्य अध्यक्ष बनाए रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था, जिसे राष्ट्रीय मुख्यालय ने 15 अप्रैल 2025 को स्वीकृति दी।
इधर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया को असंवैधानिक बताया है। उन्होंने जंबूरी आयोजन में करीब 10 करोड़ की वित्तीय अनियमितता का आरोप भी लगाया।
समारोह में राज्यपाल ने जंबूरी को एकता, विविधता और भाईचारे का उत्सव बताया, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति के लिए राष्ट्रीय मंच पर उभरने का सुनहरा अवसर कहा। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विवाद सुलझाने के लिए बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की बात कही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button